देहरादून/पौड़ी गढ़वाल :- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल 11 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी की गई।
हादसे में सात लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है।पहाड़ी मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


