देहरादून :- बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई जानलेवा फायरिंग की वारदात का पटेलनगर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध में मिले कथित धोखे का बदला लेने के लिए बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका ने उसकी हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए उसने एक बदमाश को पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। वारदात को अंजाम देने के लिए एक लाख 20 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मुख्य षड्यंत्रकर्ता पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान, उसके सहयोगी मोहित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गोली चलाने वाला आरोपी अंकित चौहान पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अंकुर अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
*स्कूटी रोककर बैंककर्मी पर बरसाई थी गोली*
पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर को साक्षी चौहान अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से वी-मार्ट मंडी चौक से बड़ोवाला स्थित अपने घर जा रही थीं। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने सत्यम को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। फायरिंग में सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
11 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दोनों आरोपी दोबारा देहरादून आए हैं। इसके बाद पटेलनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। गोरखपुर चौक के पास पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक सवार भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान अंकित चौहान निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई। उसके कब्जे से पुलिस ने .315 बोर का देसी तमंचा, खोखे और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर अंकित ने बताया कि उसे रानीपुर निवासी अपने परिचित मोहित के माध्यम से मालिया रहमान ने सत्यम की हत्या के लिए तैयार किया था। हत्या के एवज में पांच लाख रुपये देने की बात तय हुई थी। उसे एक लाख 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि शेष रकम वारदात के बाद देने की बात कही गई थी।
पुलिस के अनुसार, मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो उपलब्ध कराने के साथ देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी दी थी। इसके बाद आठ सितंबर को अंकित अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा और बड़ोवाला क्षेत्र में सत्यम को निशाना बनाकर फायरिंग की।
पूछताछ में मालिया ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 से 2023 के बीच वह हरिद्वार स्थित एक बैंक में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम कुमार से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में सहारनपुर निवासी युवक से निकाह किया, लेकिन शादी के बाद भी सत्यम से उसका संपर्क बना रहा। पुलिस के मुताबिक, लगातार संपर्क में रहने के कारण उसका वैवाहिक रिश्ता टूट गया। बाद में सत्यम देहरादून आ गया और दोनों के बीच संपर्क जारी रहा। आरोप है कि फरवरी 2026 में सत्यम ने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से बातचीत कम कर दी और सोशल मीडिया पर भी उसे ब्लॉक कर दिया।
पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज और कथित तौर पर आहत मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और मोहित के माध्यम से अंकित से संपर्क किया।फायरिंग के बाद सत्यम के घायल होने की जानकारी मालिया को मिली। पुलिस के अनुसार, इसके बाद उसने मोहित के माध्यम से अंकित से संपर्क किया। शेष रकम के लेन-देन के सिलसिले में मालिया और मोहित 11 सितंबर की रात देहरादून पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब फरार आरोपी अंकुर की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में सामने आए अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
*गिरफ्तार आरोपी*
मालिया रहमान (26) पुत्री अब्दुल रहमान निवासी पावदोई मोहल्ला ज्वालापुर, हरिद्वार।
मोहित (25) पुत्र भरत भूषण निवासी पुष्कर एन्क्लेव ज्वालापुर हरिद्वार।
*मुठभेड़ में घायल आरोपी*
अंकित चौहान (25) पुत्र ध्रुव नारायण निवासी सोसायटी रोड लक्सर केशव नगर, हरिद्वार।
*वांछित आरोपी*
अंकुर पुत्र ब्रह्मपाल निवासी लोको मोहल्ला पीर वाली गली लक्सर हरिद्वार।
बरामदगी, एक देसी तमंचा .315 बोर
दो खोखा कारतूस
घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल।
पुलिस के अनुसार अंकित के खिलाफ लक्सर कोतवाली में चोरी आर्म्स एक्ट समेत पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में भी उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
