जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा का संदेश जनता के मध्य पहुंचाएगी भाजपा।
देहरादून :- भाजपा परिवार ने जनजातीय समाज के पुरोधा और भारतीय समाज के गौरव भगवान बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि आजादी की लड़ाई में उनका संघर्ष एवं बलिदान को देश पीएम मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रहा है। पार्टी भी वनवासी एवं जनजातीय समाज का आजादी में दिए योगदान का अहसास नई पीढ़ी के साथ आगे बढ़ाने के क्रम में अभियान चला रही है।
पार्टी मुख्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान राष्ट्रीय महामंत्री संगठन श्री बी एल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सह प्रभारी श्रीमती बांसुरी स्वराज, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि कर उनके योगदान के प्रति श्रद्धा प्रकट की है।
इस दौरान प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि आज 15 नवंबर हमारे देश के जनजातीय समाज के इतिहास में एक गौरवशाली दिन है। भगवान बिरसा मुंडा, झारखंड से जुड़े बहुत बड़े स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के कालखंड में वनवासी जनजातीय समाज के खिलाफ अंग्रेजों की नीतियों का जबरदस्त विरोध किया था। उन्होंने समाज को जागरूक एवम एकजुट कर वहां बहुत बड़ी क्रांति छेड़ी, जिसका परिणाम रहा कि वहां आजादी की लड़ाई निर्णायक भूमिका में पहुंची और उसकी कीमत अपना सर्वस्य बलिदान से उन्होंने चुकाई।
ऐसे क्रांतिकारी जनजातीय नेता बिरसा मुंडा के जन्म जयंती को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही 2021 को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। उन्होंने आगे कहा कि भारत में बहुत बड़ी संख्या में जनजातीय समाज रहता है। हमारे उत्तराखंड में भी जनजातीय समाज, विभिन्न वर्ग के जनजातीय समाज रहता है। उन जनजातियों की तरफ से देश की स्वाधीनता के लिए बड़ी क्रांति छेड़ने वाले भगवान बिरसा मुंडा रहे हैं। जो भारत के पूरे जनजातीय समाज के लिए नहीं, पूरे भारतीय समाज के लिए एक बहुत गौरव का और सम्मान का केंद्र बिंदु है। इस गौरव दिवस के सम्मान के उपलक्ष में आने वाले दिनों में पूरे राज्य में, जहां-जहां वनवासी समाज है और जहां हमारे जिला कार्यालय है, उन सभी क्षेत्रों पर इस प्रकार के कार्यक्रम होंगे।
इस अवसर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि समाज के हर वर्ग को उनकी जो जरूरतें हैं, उनको सम्मान देने का काम मोदी सरकार ने किया है। इसी क्रम में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती आज पूरे देश में मनाई जा रही है, जिसे आने वाले तीन दिन 18 नवंबर तक सभी जनजातीय क्षेत्रों में इसी तरह मनाया जाएगा। जिसमें उनके स्वतंत्रता संग्राम में अविस्मरणीय बलिदान और जनजातीय समाज के उत्थान में दिए योगदान को जनता के बीच ले जाया जाएगा। कहा कि इस देश का स्वाधीनता का आंदोलन कोई एक वर्ग, एक पार्टी, एक दल का देन नहीं है। उसमें समाज के विभिन्न वर्ग शामिल थे, जिसमें जनजातीय वर्ग भी बहुत बड़ा योगदान दिया था। उस जनजातीय वर्ग के ऐसे राष्ट्रीय गौरव का स्मरण कराने का प्रयास समूचा देश कर रहा हैं। ताकि नई पीढ़ी को भी अहसास हो कि हमारे वनवासी एवं जनजातीय समाज का भी देश के गौरव और आजादी में बहुत बड़ा हिस्सा रहा है। जिसके लिए उनके प्रति हमारे मन में श्रद्धा और सम्मान की भावना सदैव रहनी चाहिए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, देहरादून कैंट विधायक श्रीमती सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, श्रीमती दीप्ति रावत, दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


